आटे में मिलावट की आशंका पर मुरादाबाद में बड़ी कार्रवाई, जिलेभर से लिए गए नमूने

लव इंडिया, मुरादाबाद। देशभर में आटे में कथित मिलावट को लेकर उठे सवालों के बीच मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न आटा निर्माण इकाइयों और विक्रेताओं से नमूने एकत्र किए हैं। चार अगस्त से सात अगस्त तक चले इस अभियान में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आटे के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं।


यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव और इन्द्र बहादुर यादव ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भूपेन्द्र सिंह, डॉ. राजीव कुमार, प्रजन सिंह, एस.एस.डी. सच्चन, कमलेश कुमार यादव, महिपाल सिंह, अनिल कुमार सिंह तथा अज़रा बी. मोहम्मद शामिल रहे।


अभियान के दौरान बाजार गंज स्थित ऋषि के आटा उत्पादन प्रतिष्ठान, सराय काजी स्थित ताराचन्द्र की आटा चक्की, कैलसा रोड पाकबड़ा में मोहम्मद यासीन की इकाई, सिहोरा बाजे में वसीम अली की इकाई से किसान भोग ब्रांड आटा, रसूलपुर चौराहा छजलैट स्थित वसीम अहमद की आटा चक्की, अगवानपुर के कोकरपुर में विक्रेता धारा सिंह तथा कटघर के महबुल्ला गंज स्थित नरेश कुमार पाल के प्रतिष्ठान से आटे के नमूने लिए गए। इसके अलावा बिलारी तहसील क्षेत्र से भी दो नमूने संग्रहित किए गए।


खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


गौरतलब है कि हाल ही में एक राष्ट्रीय समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित स्टिंग ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आटे में कथित रूप से पत्थर जैसी सामग्री मिलाने के आरोप सामने आए थे। इसी के बाद प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है, जिसके तहत मुरादाबाद में भी व्यापक स्तर पर सैंपलिंग की गई।

error: Content is protected !!