सेवानिवृत्त शिक्षक पर जमीन हड़पने की कोशिश का आरोप, निष्पक्ष विवेचना की मांग
मुरादाबाद। थाना डिलारी क्षेत्र के ग्राम अब्दुलपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र करनवीर सिंह एवं राजवीर सिंह पुत्र जगराम सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा संख्या 37/2026 की निष्पक्ष विवेचना कराने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक जगराम सिंह अपने परिवार के साथ मिलकर नारायण सिंह की बीघा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार 12 मार्च 2026 को खेत की मेड़ को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई गईं।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवेचक द्वारा सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर समुचित ध्यान नहीं दिया गया तथा बिना निष्पक्ष जांच के कार्रवाई की गई।

प्रार्थना पत्र में एसएसपी से मांग की गई है कि मुकदमा संख्या 37/2026 की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराई जाए तथा सभी पक्षों के साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

