नगर पालिका परिषद संभल के अधिशासी अधिकारी का हिंदू जागृति मंच ने किया भव्य स्वागत
लव इंडिया, संभल। नगर पालिका परिषद संभल में नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश का हिंदू जागृति मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शॉल उढ़ाकर, रामनामी पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्हें मिष्ठान भी खिलाया गया।
हिंदू जागृति मंच के प्रदेश महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने जल निगम द्वारा सड़कों की खुदाई के बाद उन्हें यथास्थान न भरने की समस्या से अवगत कराया। वहीं सत्यवीर सिंह पाल ने नगर पालिका परिषद संभल को प्रथम श्रेणी से तृतीय श्रेणी में डाले जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे पुनः प्रथम श्रेणी में लाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में संपूर्ण समाज का भरपूर सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर हिंदू जागृति महिला मंच की श्रीमती आशा गुप्ता, विनोद कुमार अग्रवाल, अरविंद शंकर शुक्ला, सुभाष चंद्र शर्मा, परीक्षित कुमार मोंगिया अजय कुमार शर्मा सत्यवीर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वागत के उपरांत हिंदू जागृति मंच के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी से अपेक्षा की कि वे ईमानदारी, सेवा, परिश्रम और समर्पण के साथ संभल के उत्थान के लिए कार्य करेंगे।
इस पर अधिशासी अधिकारी आदित्य प्रकाश ने कहा कि नगर पालिका परिषद के माध्यम से संभल के विकास, स्वच्छता, सौंदर्य एवं 68 तीर्थ तथा 19 कूपों के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इसके लिए नगर पालिका का समस्त स्टाफ 24 घंटे संवेदनशीलता के साथ तैयार रहेगा।
उन्होंने सामाजिक संगठनों एवं समाजसेवियों से भी आह्वान किया कि वे नगर की किसी भी कमी को उनके संज्ञान में लाएं, जिसे तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर समस्या के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई करना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकतंत्र रक्षक सेनानी परीक्षित कुमार मोंगिया ने की, जबकि संचालन हिंदू जागृति मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने किया।
