उत्तर प्रदेश साहित्य सभा मुरादाबाद इकाई का स्थापना दिवस मनाया, नवगठित कार्यकारिणी का हुआ सम्मान
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की मुरादाबाद इकाई द्वारा रविवार को मानसरोवर कन्या इंटर कॉलेज, नवीन नगर में सभा का स्थापना दिवस एवं नवगठित जिला इकाई का परिचय एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों ने साहित्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. महेश दिवाकर ने की, जबकि मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव रहे। विशिष्ट अतिथियों में आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट (अध्यक्ष, दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी), सरदार गुरविंदर सिंह, कपिल गुप्ता एडवोकेट (महासचिव, दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी), सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ‘जुगनू जादूगर’, तथा उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य पूजा राणा शामिल रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के सदस्यों ने अपनी काव्य रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को साहित्य रस से सराबोर किया। इस अवसर पर नवगठित मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।
मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (नगर) अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि “साहित्य समाज का दर्पण होता है। जितना श्रेष्ठ साहित्य रचा जाएगा, उतनी ही समृद्ध राष्ट्र की संस्कृति होगी।” उन्होंने साहित्य सभा द्वारा स्मृति-चिह्न के रूप में पुस्तक भेंट करने की परंपरा की सराहना की।आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की मुरादाबाद इकाई स्थानीय साहित्य को नई पहचान दिलाने के साथ युवा साहित्यकारों को भी मंच प्रदान करेगी। वहीं सरदार गुरविंदर सिंह ने कहा कि नवगठित इकाई शहर में साहित्य को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
आप भी मदद मकानों इस बेटी की…⤵️
कपिल गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि यह इकाई मुरादाबाद के साहित्यिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता ‘जुगनू जादूगर’ ने ऐसे साहित्यिक आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की केंद्रीय सदस्य पूजा राणा ने कहा कि सभा ने मात्र चार वर्षों में पूरे प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और उन्हें विश्वास है कि मुरादाबाद इकाई भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. महेश दिवाकर ने कहा कि साहित्य समाज को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नई पीढ़ी को हिंदी और साहित्य से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि यही उत्तर प्रदेश साहित्य सभा का प्रमुख उद्देश्य है।कार्यक्रम के अंत में नवगठित इकाई के संगठन सचिव अशोक बाबा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक आवरण अग्रवाल ‘श्रेष्ठ’ ने किया।

इस अवसर पर विवेक निर्मल, ईशांत कुमार शर्मा ‘ईशू’, प्रीति सक्सेना, कमल शर्मा, अजय तोमर, गीतांजलि दक्ष, श्वेता दुहन देशवाल, रवि चतुर्वेदी, मो. तंजीम शास्त्री, राजीव यादव, अशोक बाबा, अश्वनी प्रताप, नकुल त्यागी, अरुण मोहन शंखधार, सोनी भटनागर, कमाल अहमद खान, धवल दीक्षित, डॉ. राजीव चौहान, राम सिंह निशंक, ओंकार सिंह ‘ओंकार’, राजीव प्रखर, डॉ. मनोज रस्तोगी ‘मनोज’, मनोज मनु, राशिद हुसैन, फिरोज खान, अनुराग मेहता ‘सुरूर’, कृष्ण कुमार ‘नाज़’, योगेंद्र वर्मा ‘व्योम’, अशोक विद्रोही, फक्कड़ मुरादाबादी, सचिन शर्मा, आशीष उपाध्याय, शिवकुमार गौतम, अभिनव भट्ट, मुकेश अग्रवाल, जितेंद्र प्रताप सिंह ‘जेपी’, साहिल शम्सी, नेपाल सिंह पाल, रमेश आर्य सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
