दिल्ली में सुभासपा की सामाजिक समरसता महारैली, ओम प्रकाश राजभर ने संगठन विस्तार का किया आह्वान



लव इंडिया, नई दिल्ली/मुरादाबाद। नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शनिवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की सामाजिक समरसता महारैली का भव्य आयोजन किया गया। महारैली का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में पार्टी के संगठन को मजबूत करना, सामाजिक समरसता का संदेश देना और समाज के सभी वर्गों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना रहा।


महारैली में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समान अधिकार तथा पिछड़े, दलित, वंचित एवं शोषित समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। वहीं राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने सामाजिक समरसता और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से विचार रखे।


कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश मल्ल ने किया। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।


मुरादाबाद से रवि चौधरी के नेतृत्व में पहुंचा बड़ा काफिला


मुरादाबाद जनपद से सुभासपा के जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि तथा 27 विधानसभा प्रभारी रवि चौधरी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बड़े काफिले के साथ महारैली में शामिल हुए। उनके नेतृत्व में मुरादाबाद से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।


मुरादाबाद से महानगर प्रभारी अशोक सैनी, जिला प्रमुख महासचिव गौरव कुमार, जिला सचिव सलीम, रहीम अंसारी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
रवि चौधरी ने कहा कि सामाजिक समरसता महारैली ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने विश्वास जताया कि ओम प्रकाश राजभर के नेतृत्व में सुभासपा आने वाले समय में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

error: Content is protected !!