Jigyasa Hospital के CEO अभिषेक सिंह को ‘विद्या वाचस्पति’ मानद डॉक्टरेट से सम्मान
उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। जिज्ञासा हॉस्पिटल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अभिषेक सिंह को व्यापार प्रबंधन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘विद्या वाचस्पति’ मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया गया।

दिल्ली के एक पंचसितारा होटल में आयोजित समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से शिक्षाविद, समाजसेवी, चिकित्सक, उद्योगपति तथा अन्य प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। समारोह का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार, पूर्व कुलपति, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय रहे। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. रेखा चौहान ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि समारोह की अध्यक्षता डॉ. इंदु भूषण मिश्रा, कुलपति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ ने की।

समारोह में अभिषेक सिंह को व्यापार प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन तथा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए ‘विद्या वाचस्पति’ मानद डॉक्टरेट की उपाधि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

अभिषेक सिंह, भारतीय जनता पार्टी के मुरादाबाद जिला उपाध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह के छोटे पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि को मुरादाबाद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मान मिलने पर क्षेत्र के चिकित्सकों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अभिषेक सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए सम्मान के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा से निभाने की प्रेरणा भी है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, सहयोगियों, जिज्ञासा हॉस्पिटल की पूरी टीम तथा शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि भविष्य में भी वे स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
