शिवसेना का नशा मुक्ति अभियान: स्टेशन रोड से टाउन हॉल तक निकाली जागरूकता रैली

-जिला कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक के बाद संगठन विस्तार और युवाओं को नशे से बचाने की रणनीति पर हुआ मंथन

लव इंडिया, मुरादाबाद। स्टेशन रोड स्थित शिवसेना के जिला कार्यालय में रविवार को जिला प्रमुख की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के चित्र पर माल्यार्पण एवं तिलक लगाकर “जय भवानी, जय शिवाजी” के उद्घोष के साथ किया गया।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाजहित के कार्यक्रमों को गति देने तथा वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा मुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की रणनीति तैयार की गई।


शिवसेना जिला प्रमुख ने अपने संबोधन में नशा मुक्ति अभियान को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित करने के लिए समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शिवसेना, युवा शिवसेना और विद्यार्थी सेना के नेतृत्व में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास बिकने वाले नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम और रैलियों का आयोजन भी किया जाएगा।


बैठक के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड स्थित जिला कार्यालय से टाउन हॉल तक नशा विरोधी जागरूकता रैली निकालकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। रैली के माध्यम से लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, राजीव राठौर, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, मयंक सैनी, जीतू प्रजापति, तेजपाल सैनी, उमेश ठाकुर, पंकज पाल, बादाम सिंह, कैलाश, विक्की कश्यप, महेश, श्रीमती मधुबाला, दीपक शर्मा, सुरेश सैनी, अशोक सैनी, भोला भाई, पवन रोहिल्ला, नितेश, सोनू सहित बड़ी संख्या में शिवसेना पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!