विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान: युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रख स्वस्थ, सशक्त व राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनाना मकसद
लव इंडिया, मेरठ। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत पूरे देश के साथ-साथ मेरठ महानगर में भी नशा मुक्त भारत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखते हुए स्वस्थ, सशक्त एवं राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है।
कार्यक्रम में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत के युवा वर्ग को संबोधित किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण 02 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 10:00 बजे स्क्रीन, एलईडी एवं टेलीविजन आदि माध्यमों से किया गया। इस अवसर पर बजरंग दल ने देशभर के युवाओं को एकजुट कर नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
बजरंग दल के मेरठ महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में नशा समाज और विशेष रूप से युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। अभियान का मूल संदेश “नशा छोड़ो – राष्ट्र जोड़ो” है, जिसके माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक संदेश का प्रसारण किया गया, जिससे युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरणा मिली।इस अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं को सामूहिक रूप से नशा न करने की शपथ दिलाई। साथ ही जिन युवाओं ने नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है, उनका सम्मान भी किया। कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने बताया कि बजरंग दल द्वारा चलाये जा रहे हर साप्ताहिक मिलन में 10 मिनट “नशा मुक्ति चर्चा” भी की जाएगी, जिससे युवाओं को निरंतर प्रेरणा मिलती रहे।
बजरंग दल ने सभी सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के साथ-साथ आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें तथा भारत को नशामुक्त और श्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में महानगर सह संयोजक अर्चित अग्रवाल महानगर बल उपासना प्रमुख बिजेन्द्र जी , महानगर विमर्श प्रमुख नमन अग्रवाल, महानगर विद्यार्थी प्रमुख विशाल धानक, मयंक बंसल, देव, सिद्धू आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
