पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में जलभराव का असर: कई ट्रेनों का मार्ग बदला, राजधानी समेत रानीखेत एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव

लव इंडिया, नई दिल्ली/मुरादाबाद। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) के तिनसुकिया मंडल स्थित सिमालुगुड़ी जंक्शन (SLGR) के निकट डिचोव (Dechow) नदी में जलस्तर बढ़ने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया है। इसके साथ ही रानीखेत एक्सप्रेस के समय में भी आंशिक संशोधन किया गया है।
रेलवे के अनुसार, सिमालुगुड़ी–न्यू तिनसुकिया और सिमालुगुड़ी–सालछाती रेलखंड पर जलभराव की स्थिति के चलते यह निर्णय लिया गया है।


इन ट्रेनों के मार्ग बदले गए


रेलवे प्रशासन ने 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस तथा 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के मार्ग को निर्धारित रूट के स्थान पर रंगापाड़ा नॉर्थ, उत्तर लखीमपुर और रंगिया होकर संचालित करने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा जलभराव के कारण 20503 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस, 15933 न्यू तिनसुकिया-अमृतसर एक्सप्रेस, 20504 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस, 15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तथा 15934 अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।


रानीखेत एक्सप्रेस के समय में बदलाव


रेलवे प्रशासन ने 15014/25014 काठगोदाम–रामनगर–जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस के समय में भी आंशिक संशोधन किया है।
1 अगस्त 2026 से प्रभावी नई समय-सारिणी के अनुसार जैसलमेर स्टेशन पर ट्रेन का आगमन समय रात 11:30 बजे (23:30 बजे) होगा। पहले यह ट्रेन रात 11:00 बजे (23:00 बजे) पहुंचती थी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन के अन्य स्टेशनों के समय एवं संचालन में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।


यात्रियों से अपील


रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति NTES, Rail One App, RailMadad अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


error: Content is protected !!