तुरैहा समाज के लोग राजनीति में हों सक्रिय, पंचायत चुनाव में बढ़ाएं भागीदारी: कमल कुमार तुरैहा
लव इंडिया, रामपुर। सराय गेट स्थित बाबा तुरैहा रामस्वरूप जी की समाधि एवं माता संतोषी मंदिर परिसर में रविवार को तुरैहा मछुआ समाज की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों, समाज की राजनीतिक भागीदारी, शिक्षा और संगठन की मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कमल कुमार तुरैहा ने कहा कि पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। समाज सेवा और राजनीति से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर समाज का प्रतिनिधित्व मजबूत करना चाहिए, ताकि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आबादी के अनुरूप समाज की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े समाज के जनप्रतिनिधियों को पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ना चाहिए। साथ ही सरकार और राजनीतिक संगठनों में बैठे वरिष्ठ पदाधिकारियों से समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की भी मांग की, जिससे समाज अपनी समस्याओं और अधिकारों की आवाज प्रदेश व केंद्र स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सके।
कमल कुमार तुरैहा ने समाज में पिछड़ेपन और बेरोजगारी का प्रमुख कारण शिक्षा की कमी बताते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय की मांग है कि समाज का हर बच्चा शत-प्रतिशत शिक्षित हो, ताकि भविष्य में रोजगार और बेहतर अवसर प्राप्त कर सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष कामरेड मेवीराम तुरैहा ने कहा कि समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायत चुनाव में समाज के अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट दिए जाने की मांग की।
तुरैहा समाज की बेटी को डॉक्टर बनाने को मदद कीजिए⤵️
जिला महामंत्री राम सिंह तुरैहा एडवोकेट ने कहा कि संगठन शीघ्र ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री को समाज के साथ हो रहे अत्याचार और समस्याओं से अवगत कराएगा। वहीं जिला मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार ने समाज के लोगों से प्रत्येक माह आयोजित होने वाली बैठक में अधिक संख्या में भाग लेने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष कामरेड मेवीराम तुरैहा, राम सिंह तुरैहा एडवोकेट, राजेश कुमार तुरैहा, रूप किशोर, विनोद कुमार एडवोकेट, अरविंद कुमार, अर्जुन कुमार, विक्रम सिंह, मुरारी तुरैहा, धर्म सिंह, अशोक कुमार तुरैहा, रामकिशोर तुरैहा, राधेश्याम, विनोद कुमार तुरैहा, रामगोपाल, राजीव कुमार, पप्पू सिंह, प्रीतम तुरैहा, अजय कुमार प्रधान सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अर्जुन कुमार तुरैहा ने किया।
