चेहलुम पर गमगीन माहौल में निकला अलम का जुलूस, ‘हाय हुसैना’ की सदाओं से गूंजा मुरादाबाद
लव इंडिया, मुरादाबाद। शिया समुदाय ने हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) के चेहलुम (चालीसवें) के अवसर पर शहर में श्रद्धा और अकीदत के साथ मजलिस एवं अलम के जुलूस का आयोजन किया। मोहल्ला लाकड़ीवालान स्थित मरहूम मजहर अब्बास नकवी के आवास पर आयोजित मजलिस में बड़ी संख्या में अज़ादार शामिल हुए।

मजलिस को संबोधित करते हुए मौलाना अज़हर अब्बास नकवी ने कर्बला की घटना का उल्लेख करते हुए इमाम हुसैन (अ.स.) की शहादत के बाद उनके परिवार की महिलाओं और बच्चों पर हुए अत्याचारों का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि कर्बला का संदेश इंसाफ, सब्र, मानवता और अत्याचार के विरुद्ध डटकर खड़े होने की प्रेरणा देता है। उनके संबोधन के दौरान मौजूद अज़ादार भावुक हो उठे और “हाय हुसैना” की सदाओं से पूरा वातावरण गूंज उठा।
मजलिस के बाद अलम मुबारक का जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होता हुआ इमामबाड़ा हकीम फरज़न्द अली, जीआईसी चौराहा और इमामबाड़ा गौट पहुंचा। इसके बाद ताजिया लेकर जुलूस पुनः निर्धारित मार्गों से होकर आगे बढ़ा।
बिटिया को डॉक्टर बनाने के लिए मदद कीजिए..⤵️

इसी दौरान थाना नागफनी क्षेत्र में चमन हैदर के आवास से भी एक अन्य जुलूस निकला, जो तहसील स्कूल गोकुलदास होते हुए मोहल्ला लाकड़ीवालान पहुंचा। दोनों जुलूस एक साथ नौहाख्वानी करते हुए कर्बला की ओर रवाना हुए। जुलूस के दौरान अज़ादारों ने मातम किया और रास्ते भर नौहाख्वानी का सिलसिला जारी रहा।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए नज़र-ओ-नियाज़ का भी आयोजन किया गया। छोटे-छोटे बच्चे भी “हाय हुसैना” की सदाएं बुलंद करते हुए जुलूस में शामिल रहे।

जुलूस में मौलाना मजहर अब्बास नकवी, अली अनवर प्रिंस, मोहम्मद अब्बास एडवोकेट, सुहैल अहमद रिजवी, काशिफ रज़ा, मोहम्मद आलम, आलम आब्दी, नौशाद हैदर, ज़मीर बाकरी, जावेद यावर, डॉ. तनवीर यावर, आसिम यावर, मासूम रज़ा, ताबिश रिजवी, दानिश रिजवी, आसिफ रज़ा रिजवी, अरबाब मेहदी, बाकर अली, ज़ाकिर हुसैन, नकी हैदर सहित बड़ी संख्या में अज़ादार मौजूद रहे।
