Love India National की खबर के बाद फोटोन अस्पताल प्रबंधन का एक्शन, विवादों में घिरे फहीम बेग की सेवाएं समाप्त


उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। कांठ रोड स्थित फोटोन सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से जुड़े कथित फर्जी चिकित्सकीय प्रैक्टिस के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। Love India National द्वारा शिकायतकर्ताओं के आरोपों को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने फहीम बेग की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का पत्र जारी किया है।

पढ़िए जिस खबर पर एक्शन हुआ…⤵️


अस्पताल की ओर से जारी 30 जून 2026 के सेवा समाप्ति पत्र में फहीम बेग, पद- क्लिनिकल असिस्टेंट को संबोधित करते हुए कहा गया है कि अस्पताल वार्ड में भर्ती मरीजों के कार्य एवं उनकी देखभाल के संबंध में उनके कार्य निष्पादन से अस्पताल प्रबंधन असंतुष्ट है। इसी आधार पर उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती हैं। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आदेश प्रभावी होने के बाद उनका फोटोन हॉस्पिटल अथवा उससे जुड़े किसी चिकित्सक, कर्मचारी या स्टाफ सदस्य से किसी भी प्रकार का आधिकारिक संबंध नहीं रहेगा।


इससे पहले Love India National ने दो शिकायतों के आधार पर समाचार प्रकाशित किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि फोटोन सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कांठ रोड, मुरादाबाद में कार्यरत डॉ. असद अंसारी के स्थान पर फहीम अहमद बेग पुत्र शफीक अहमद बेग, निवासी ए-269, डिगर कॉलोनी, मुरादाबाद द्वारा कथित रूप से ओपीडी और जनरल सर्जरी का कार्य किया जा रहा था, जबकि शिकायतकर्ताओं के अनुसार उनके पास वैध आयुष चिकित्सकीय पंजीकरण नहीं है।


इस मामले में पहली शिकायत पूर्व विधानसभा प्रत्याशी खालिद जमा खां उर्फ बब्बू, निवासी 30 विलीसी, मुरादाबाद ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भेजी थी। दूसरी शिकायत सिराज अहमद पुत्र जफीर अहमद, निवासी पंडित नगला, गांधी नगर तिराहा, मुरादाबाद ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को देकर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने संबंधित व्यक्ति की शैक्षणिक योग्यता, चिकित्सकीय पंजीकरण, अस्पताल के ओपीडी एवं आईपीडी रिकॉर्ड, प्रिस्क्रिप्शन तथा अन्य अभिलेखों की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


हालांकि अस्पताल द्वारा सेवा समाप्ति का पत्र जारी किए जाने के बावजूद शिकायतकर्ताओं की ओर से उठाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक किसी सक्षम प्राधिकारी द्वारा नहीं की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि सेवा समाप्ति केवल प्रशासनिक कारणों से की गई है या शिकायतों से उसका कोई प्रत्यक्ष संबंध है। इस पूरे मामले की सच्चाई संबंधित विभागों की जांच के बाद ही सामने आएगी।


Love India National निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए स्पष्ट करता है कि पूर्व में प्रकाशित समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए प्रार्थना-पत्रों पर आधारित था। यदि फोटोन सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, डॉ. असद अंसारी, फहीम अहमद बेग अथवा किसी अन्य संबंधित पक्ष का विस्तृत स्पष्टीकरण या आधिकारिक पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी समान प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जाएगा।

error: Content is protected !!