“बाबा का बुलडोजर” कानून व्यवस्था को मजबूत करने का प्रतीक: राज्यमंत्री

उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के संबंधित कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने रविवार को भाजपा के नामित पार्षद रवि सैनी के नवस्थापित जनसंपर्क कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। यह कार्यालय सम्राट अशोक नगर, साईं हॉस्पिटल के सामने, ज्योतिबा फुले द्वार के अंदर स्थित है। उद्घाटन समारोह में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


अपने संबोधन में राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा किसी भी प्रकार के भ्रम या बहकावे में न आएं।


राज्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सर्वाधिक एक्सप्रेसवे और हवाई अड्डों का विकास हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने भ्रष्टाचार और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है तथा अपराधियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “बाबा का बुलडोजर” कानून व्यवस्था को मजबूत करने का प्रतीक बन चुका है और अपराधियों में कानून का भय पैदा हुआ है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों, ज्योतिषाचार्यों, चिकित्सकों तथा समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि समाज निर्माण में इन सभी वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरित करता है। इस मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन में प्रमुख रूप से रवि सैनी, नरेंद्र सैनी, विकास मौर्य, ज्ञान सिंह शाक्य, मनमोहन सैनी, जेबी सैनी, जय प्रकाश सैनी, राजवीर सैनी, पवन सैनी, राजू सैनी, प्रधान वीर सिंह सैनी, अशोक सैनी, पृथ्वी सिंह, अंकित सैनी, धर्मवीर सैनी, रंजीत सैनी और डालचंद सैनी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों का स्वागत किया गया और जनसंपर्क कार्यालय को जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

error: Content is protected !!