विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन: पप्पू यादव का पुतला फूंका
मुरादाबाद। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के कथित बयान के विरोध में इंपीरियल चौराहे पर प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सनातन धर्म और साधु-संतों के सम्मान की बात कही।
कार्यकर्ता जुलूस के रूप में इंपीरियल चौराहे पहुंचे, जहां पुतला दहन से पहले प्रतीकात्मक रूप से पुतले पर जूते-चप्पल भी मारे गए। प्रदर्शन के दौरान “पप्पू यादव मुर्दाबाद”, “सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए गए।
महानगर सह संयोजक अश्वनी सूद ने आरोप लगाया कि सांसद पप्पू यादव द्वारा सनातन धर्म के संबंध में दिए गए कथित बयान से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने ऐसे बयानों की निंदा करते हुए सभी सनातनियों से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर सह संयोजक अक्षत मल्होत्रा ने किया। इस दौरान विभाग सहमंत्री वरुण, महानगर उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, महानगर मंत्री अनिल कठेरिया, महानगर सह संयोजक अश्वनी सूद, महानगर सुरक्षा प्रमुख रोहित मदान, सौरव प्रेमी, रजत ठाकुर, प्रियांशु पाल, शक्ति सोती, शिवा राणा, सचिन, प्रशांत, राहुल, सोनू, ललित सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
