सावन के पहले सोमवार पर पातालेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, तड़के तीन बजे खुले कपाट
लव इंडिया, संभल। सावन के पहले सोमवार पर बहजोई-संभल रोड स्थित सिद्ध पीठ पातालेश्वर मंदिर (पक्के बाग) में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह तीन बजे मंदिर के कपाट खुलते ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे दिन जारी रहा।

सिद्ध पीठ पातालेश्वर मंदिर के महंत जुगल किशोर मिश्रा ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना के मद्देनज़र मंदिर के कपाट प्रातः 3 बजे खोल दिए गए थे। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, पंचामृत, बेलपत्र, भांग और धतूरे से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।

मंदिर परिसर में सुबह से ही “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

पातालेश्वर मंदिर समिति की महिला अध्यक्ष सीमा आर्य ने स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभालते हुए जलाभिषेक करने आए श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन और पूजा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी पूरे समय श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे।
सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भक्तिमय वातावरण ने सिद्ध पीठ पातालेश्वर मंदिर को शिवभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
