पातालेश्वर मंदिर गौशाला की बदहाली पर सभासद ने उठाई आवाज, ईओ से इंटरलॉकिंग और नांद मरम्मत की मांग
लव इंडिया, संभल। नगर पालिका परिषद संभल के वार्ड संख्या-32 की सभासद कुसुम प्रमोद सैनी ने बहजोई-सम्भल रोड स्थित सिद्ध पीठ पातालेश्वर महादेव मंदिर, पक्का बाग, सराय तरीन परिसर में संचालित गौशाला की बदहाल स्थिति को लेकर अधिशासी अधिकारी (ईओ) को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने गौशाला में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की मांग की है।
सभासद द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गौशाला परिसर में कीचड़ और जलभराव हो जाता है, जिससे गोवंश को बैठने, चलने और चारा खाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गोवंश के लिए बनाई गई चारा खाने की नांद (लौहड़ी) भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसके कारण पशु ठीक से चारा नहीं खा पा रहे हैं।

पत्र में मांग की गई है कि गौशाला परिसर में आवश्यकतानुसार मिट्टी भराई कराकर पुरानी इंटरलॉकिंग ईंटें बिछाई जाएं तथा क्षतिग्रस्त नांद की मरम्मत कराई जाए, ताकि बरसात के मौसम में गोवंश को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनके लिए चारा रखने की समुचित व्यवस्था हो सके।सभासद कुसुम प्रमोद सैनी ने नगर पालिका प्रशासन से जनहित और गौसेवा को ध्यान में रखते हुए समस्या का शीघ्र समाधान कराने की अपील की है।
