हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी, उससे पहले दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला
लव इंडिया, मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की एक नवविवाहिता ने अपने पति सहित पांच ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, हिमगिरि कॉलोनी, थाना सिविल लाइंस निवासी सोनीपाल, पुत्री महेश सिंह, का विवाह 26 अप्रैल 2026 को मझोला थाना क्षेत्र के साईं अस्पताल के सामने, अशोक सम्राट नगर, कांशीराम नगर निवासी जयपाल, पुत्र सोमपाल, के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि विवाह में उसके परिजनों ने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन ससुराल पहुंचने के अगले ही दिन से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई।
बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए मदद कीजिए… ⤵️
शिकायत में कहा गया है कि पति जयपाल, ससुर सोमपाल, देवर आशु पाल, विजयपाल तथा जेठानी प्रीति पाल ने एक इनोवा क्रिस्टा कार, 10 लाख रुपये नकद और 150 गज का प्लॉट अपने नाम कराने की मांग की। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। पीड़िता का आरोप है कि 29 मई 2026 को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर केवल पहने हुए कपड़ों में ही घर से निकाल दिया और कहा कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उसे ससुराल में प्रवेश नहीं मिलेगा।
मायके पहुंचने के बाद पीड़िता के परिजनों ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पति जयपाल, ससुर सोमपाल, देवर आशु पाल, विजयपाल और जेठानी प्रीति पाल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दीपाली रुहेला को सौंपी गई है।
