संविधान मान स्तंभ दिवस पर सपा का सम्मेलन: सामाजिक न्याय और पीडीए की अवधारणा को बताया मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला


लव इंडिया, संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार रविवार को जिला समाजवादी पार्टी संभल द्वारा संविधान मान स्तंभ दिवस का कार्यक्रम चंदौसी स्थित ज्ञानवती बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने छत्रपति साहू महाराज के सामाजिक न्याय के योगदान और संविधान में समान अवसर की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने कहा कि 26 जुलाई 1902 भारतीय सामाजिक इतिहास का ऐतिहासिक दिन है। इसी दिन कोल्हापुर रियासत के महाराज छत्रपति साहू महाराज ने सरकारी नौकरियों में वंचित वर्गों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि यह फैसला सामाजिक न्याय की दिशा में पहला बड़ा सरकारी कदम था और इसी कारण 26 जुलाई को संविधान मान स्तंभ दिवस के रूप में याद किया जाता है।


उन्होंने कहा कि छत्रपति साहू महाराज ने शिक्षा, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उनका यह निर्णय आगे चलकर भारतीय संविधान में आरक्षण और सामाजिक न्याय से जुड़े प्रावधानों की आधारशिला बना। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाई जा रही है।


जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी ने कहा कि संविधान सामाजिक न्याय, समानता और भेदभाव के उन्मूलन की बात करता है, जिसकी जड़ें छत्रपति साहू महाराज के ऐतिहासिक निर्णय में दिखाई देती हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।


बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि आरक्षण किसी पर उपकार नहीं, बल्कि सदियों से वंचित समाज को बराबरी का अवसर देने वाला संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की अवधारणा सामाजिक न्याय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


जिला महासचिव कृष्ण मुरारी शखधार ने संविधान मान स्तंभ दिवस पर छत्रपति साहू महाराज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं, चंदौसी की पूर्व प्रत्याशी विमलेश कुमारी ने कहा कि देश में समानता, सम्मान और सामाजिक समरसता स्थापित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष असगर अली अंसारी ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष उमेश यादव ने किया।


इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष अमित यादव, ताहिर उल्ला खान, सजीव यादव, बलवत सिंह, ममता मधुकर, दुगेश दिवाकर, सुभाष वाल्मीकि, पूरन लाल मौर्य, ओमप्रकाश प्रजापति, शोभित कुमार, फखरे आलम, संजय मदान, चेतन गुप्ता, कमल शर्मा, सुरेंद्र यादव, मास्टर अकील, रिकू चौहान, रामनिवास दिवाकर, गुलशन राय, सुभाष पाल, आमिर खान एडवोकेट, मोहसिन खान, महबूब आज़माबादी, रवि दिवाकर, अशोक राणा, गौरव यादव, धर्मवीर सिंह यादव, आसिफ इकबाल, भूरे खां, आसीम अग्रवाल, खुशाराम यादव, महबूब अली, मलखान सिंह एडवोकेट, विजेंद्र ठाकुर, मुकेश यादव, डॉ. राम सिंह, विवेक आजाद, रविंद्र कुमार, शारद कुमार, सुभाष यादव, रोहित सिंह यादव, विजय यादव, जयवीर सिंह यादव, अवनीश सागर, जीशान सभासद, मनोज शर्मा, साबिर खान, मनवीर सिंह, तनवीर आलम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!