उर्दू पत्रकारिता में सम्भल का परचम, दानिश तरीन समेत सलाम टीवी के सात पत्रकार ’40 अंडर 40′ सम्मान से सम्मानित

नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में उर्दू पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

नई दिल्ली/सम्भल। उर्दू पत्रकारिता के क्षेत्र में सलाम टीवी ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एक्सचेंज4मीडिया द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ’40 अंडर 40 उर्दू पत्रकारिता सम्मान समारोह’ में सम्भल के सराय तरीन निवासी मोहम्मद दानिश तरीन सहित सलाम टीवी के सात पत्रकारों को पत्रकारिता एवं मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


मिशन इंटरनेशनल एकेडमी के मीडिया समन्वयक जुनैद इब्राहिम ने बताया कि सम्मान प्राप्त करने वालों में इरम खान, सहबा अली सैफी, गुफरान सिद्दीकी, मोहम्मद रिजाउल्लाह, मोहम्मद दानिश तरीन, असफहानी खान, आमिर अहसन तथा शुऐब सलमानी शामिल रहे। इन सभी को उर्दू पत्रकारिता में उत्कृष्ट कार्य और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

सम्भल के सराय तरीन में खुशी की लहर

गौरतलब है कि एक्सचेंज4मीडिया द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित ’40 अंडर 40′ सम्मान का उद्देश्य 40 वर्ष से कम आयु के उन प्रतिभाशाली मीडिया पेशेवरों को सम्मानित करना है, जिन्होंने प्रिंट, टेलीविजन, डिजिटल एवं अन्य मीडिया माध्यमों में उल्लेखनीय पहचान बनाई है।
समारोह का आयोजन एक्सचेंज4मीडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष अनुराग बत्रा के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर सलाम टीवी के प्रधान संपादक तारिक़ फ़रीदी, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग मुस्कान, तहसीन मुनव्वर और खालिद रज़ा ख़ान सहित मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

सम्मान ग्रहण करने के बाद मोहम्मद दानिश तरीन ने अपने संबोधन में जीवन के संघर्षपूर्ण दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उनकी माता गंभीर रूप से बीमार थीं, तब सलाम टीवी प्रबंधन और पूरी टीम ने परिवार की तरह उनका साथ दिया। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपनी माता की दुआओं, सहकर्मियों के सहयोग और सलाम टीवी परिवार के विश्वास एवं स्नेह को दिया।


कार्यक्रम के दौरान उर्दू पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों और संभावनाओं तथा उर्दू भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष परिचर्चा भी आयोजित की गई। वक्ताओं ने निष्पक्ष, उत्तरदायी और जनहितकारी पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।

सलाम टीवी के सात पत्रकारों को एक साथ मिला यह सम्मान संस्थान की पेशेवर उत्कृष्टता, मजबूत कार्यसंस्कृति और उर्दू पत्रकारिता में उसकी सशक्त उपस्थिति का प्रमाण माना जा रहा है। सम्मान की खबर मिलते ही सम्भल के सराय तरीन में खुशी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोगों ने दानिश तरीन एवं सलाम टीवी परिवार को बधाई दी।

error: Content is protected !!