पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा: चंद्रहास सिंह, 21 अगस्त को तिरंगा यात्रा व 25 सितंबर को लखनऊ में महारैली

लव इंडिया, मुरादाबाद। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच जनपद शाखा मुरादाबाद की बैठक डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडौला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री हेमंत चौधरी एवं जिला संगठन मंत्री निश्चल भटनागर ने किया।


बैठक को संबोधित करते हुए अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पश्चिम जोन प्रभारी चंद्रहास सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहा है और जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 25 सितंबर को लखनऊ में विशाल महारैली आयोजित होगी।


डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडौला ने कहा कि नई पेंशन योजना (एनपीएस) और निजीकरण कर्मचारियों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अटेवा के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप देश के कई राज्यों में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल हो चुकी है और उत्तर प्रदेश में भी इसके लिए आंदोलन को और मजबूत किया जाएगा।


अटेवा के जिलाध्यक्ष सैय्यद अफ़ज़ल और जिला महामंत्री हेमंत चौधरी ने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से आगामी आंदोलनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि कर्मचारियों का भविष्य पुरानी पेंशन व्यवस्था में ही सुरक्षित है।


बैठक में जिला संरक्षक अमित कुमार, नासिर हुसैन, हरिबाबू शाक्यवर, पूनम मैसी, माधुरी, हरीश चौहान, त्रिवेंद्र चौहान, दीपक चौहान, सिंधु रानी, अमीर, मोनिका चौहान, रूबी चौहान, शेखर सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!