रोटरी क्लब मुरादाबाद एक्सिस ने गागन गुरुद्वारे पर शुरू किया भोजन व शर्बत वितरण




उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रोटरी क्लब मुरादाबाद एक्सिस ने गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित गागन गुरुद्वारे पर राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए तैहरी एवं शीतल शर्बत वितरण का विशेष सेवा अभियान शुरू किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस सेवा प्रकल्प में बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन और शर्बत ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने दिल्ली रोड से गुजरने वाले यात्रियों, स्थानीय लोगों तथा विभिन्न कार्यों से आने-जाने वाले आगंतुकों को भरपेट तैहरी परोसी और गर्मी से राहत देने के लिए शीतल शर्बत भी वितरित किया।


रोटरी क्लब मुरादाबाद एक्सिस के अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत सिंह दुआ ने बताया कि क्लब लंबे समय से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि सिविल लाइंस स्थित जैन मंदिर परिसर में क्लब की ओर से प्रतिदिन भोजन तथा शर्बत अथवा चाय का वितरण किया जाता है। अब इसी सेवा अभियान का विस्तार करते हुए गागन गुरुद्वारे पर भी यह प्रकल्प प्रारंभ किया गया है।


क्लब के कोषाध्यक्ष रोटेरियन विवेक गोयल ने कहा कि रोटरी क्लब मुरादाबाद एक्सिस हमेशा सामुदायिक सेवा को प्राथमिकता देता है। दिल्ली रोड स्थित गागन क्षेत्र से प्रतिदिन दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए गुजरते हैं। ऐसे लोगों की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए इस स्थान को भी सेवा अभियान से जोड़ा गया है।


क्लब प्रशिक्षक रोटेरियन संजय सिंघल ने बताया कि पिछले रोटरी सत्र से क्लब लगातार प्रतिदिन भोजन वितरण का कार्य कर रहा है। अब इस सेवा अभियान का दायरा बढ़ाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

error: Content is protected !!