संभल की नगर पालिका को श्रेणी -1 का दर्जा दिलाने को SDM से मिला भारतीय इतिहास संकलन समिति का प्रतिनिधिमंडल

यथासंभव सफल प्रयास करने का उप जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन

लव इंडिया, संभल। नगर पालिका परिषद संभल को श्रेणी-एक से हटाकर श्रेणी-तीन का दर्जा दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए भारतीय इतिहास संकलन समिति का प्रतिनिधिमंडल उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उप जिलाधिकारी विकास चंद्र से मिला।

भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि संभल क्षेत्र के सभी लोगों को शासन से आशा और विश्वास है कि नगर के बाहर के कुछ मोहल्ले और ग्रामीण क्षेत्र नगर पालिका परिषद में सम्मिलित किए जाएंगे, जिससे संभल को भविष्य में नगर निगम का दर्जा दिया जा सके। लेकिन इसके विपरीत शासन स्तर से नगर पालिका परिषद को श्रेणी-एक से हटाकर श्रेणी-तीन में कर दिया गया है, जिससे संभल वासियों में रोष है।

उन्होंने नगर पालिका परिषद बोर्ड से परिषद को पुनः श्रेणी-एक में दर्ज करने का प्रस्ताव पास कराने, जिलाधिकारी संभल द्वारा शासन को उचित एवं उपयुक्त आख्या भेजने तथा संभल के हित में न्यायसंगत पैरवी करने की उप जिलाधिकारी विकास चंद्र से प्रार्थना की।

इस अवसर पर श्रीमती रेखा शर्मा ने नगर के मोहल्ला शहजादी सराय और आलम सराय के नाम परिवर्तित करके क्रमशः महदगिरि एवं पिंगल सराय रखने की मांग की।
श्री अरविंद शंकर शुक्ला ने कोट पूर्वी रामलीला मैदान स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर की दयनीय स्थिति को सुधारने, जीर्णोद्धार करने और यहां की उत्तम व्यवस्था संचालित करने में प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा की।

प्रतिनिधिमंडल में सुभाष चंद्र शर्मा, दुर्वेश सैनी, सत्यवीर सिंह, राजेंद्र सिंह गुर्जर, श्रीमती सुमन लता शर्मा, श्रीमती आशा गुप्ता, राकेश कुमार शर्मा सहित समिति के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने उप जिलाधिकारी श्री विकास चंद्र को शॉल उढ़ाकर, रामनामी पटका पहनाकर, पुष्पमाला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया और मिष्ठान खिलाकर संभल के उप जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उप जिलाधिकारी विकास चंद्र ने संभल तहसील क्षेत्र की सभी जन समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, तीर्थों एवं कूपों के जीर्णोद्धार सहित ऐतिहासिक स्थलों की उत्तम व्यवस्था बनाने के लिए सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की और हर संभव प्रयास का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने की तथा संचालन सुबोध कुमार गुप्ता ने किया।

error: Content is protected !!