महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में अनुच्छेद 370 हटने की वर्षगांठ पर मनाया गया जश्न, छात्रों ने लहराया तिरंगा
मेजर राजीव ढल ने छात्रों को अनुच्छेद 370 के इतिहास और उसके हटने के महत्व की दी जानकारी, भारत माता की जय के नारों से गूंजा परिसर
लव इंडिया, मुरादाबाद। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में बुधवार को अनुच्छेद 370 हटाए जाने की वर्षगांठ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष किए तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेजर राजीव ढल ने कहा कि 5 अगस्त 2019 भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन संसद के उच्च सदन में जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का प्रस्ताव पारित हुआ, जिसके बाद पूरे देश में एक समान संवैधानिक व्यवस्था लागू हुई।
बिटिया के सपने को पूरा करने के लिए दान दीजिए…⏬️

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर के भारत में विलय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और अनुच्छेद 370 से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विषय पर लंबे समय तक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा और आंदोलन होते रहे तथा अनेक लोगों ने इसके लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आज देश “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।
मेजर राजीव ढल ने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संविधान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में तिरंगा लहराकर देशभक्ति के नारे लगाए।

इस अवसर पर अरुण कुमार शुक्ला, मेजर राजीव ढल, धर्मेंद्र वंश, ग्रंथ सिंह, राजीव कुमार गुप्ता, जगपाल सिंह, प्रखर सिंह, विमल कुमार, अनूप कुमार अग्रवाल, रति कौशिक, मोनिका शर्मा, सलोनी शर्मा, सुमित कुमार शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
