टिमिट में ‘प्लास्टिक से करें इनकार’ अभियान: छात्रों ने रैली निकालकर किया जनजागरूकता का आह्वान



लव इंडिया मुरादाबाद। टिमिट कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “प्लास्टिक से करें इनकार‘ ”अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर एमबीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली तथा आमजन को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग मिट्टी, जल स्रोतों, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने नागरिकों से कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने तथा प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण का आग्रह किया। इस अवसर पर टिमिट के डीन प्रो. विपिन जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि हम आज से ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने का संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करें। कार्यक्रम का सफल संचालन एमबीए की फैकल्टी के समन्वयन में किया गया। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और जनजागरूकता के प्रति उनके उत्साह ने इस अभियान को सार्थक एवं प्रेरणादायक बना दिया। टिमिट द्वारा आयोजित यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का प्रभावी उदाहरण रही।

error: Content is protected !!