हरिहर मंदिर पर जलाभिषेक के लिए संभल को चले शिवसैनिक, विरोध के बीच कई हिरासत में


मुरादाबाद/संभल। हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शिवसेना का अभियान लगातार जारी है। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों से शिवसैनिकों के संभल पहुंचने की रणनीति बनाई गई। शिवसेना का आरोप है कि संभल पहुंचने से पहले पुलिस-प्रशासन ने कई शिवसैनिकों को रोककर हिरासत में लिया।


शिवसेना की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के संभल पहुंचने के बाद ठाकुरद्वारा तहसील प्रमुख सोमपाल को भोजपुर थाना पुलिस द्वारा रोके जाने की सूचना मिली। इसके विरोध में शिवसैनिक थाने पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया।


शिवसेना ने दावा किया कि वरिष्ठ महानगर सचिव अरुण ठाकुर और उमेश ठाकुर समेत कुछ शिवसैनिकों को पुलिस ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर हिरासत में लिया। वहीं ब्लॉक प्रमुख विक्की कश्यप के नेतृत्व में करीब 50 शिवसैनिकों को मेनाठेर थाने में रोके जाने का भी संगठन ने दावा किया।


जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि शिवसेना हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि शिवसैनिक गिरफ्तारी से लेकर संघर्ष तक के लिए तैयार हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा शिवसैनिकों को रोकने की कार्रवाई के बावजूद उनका अभियान जारी रहेगा।


शिवसेना के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर गिरफ्तारी दी। इस दौरान वीरेंद्र अरोड़ा, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, रमेश ठाकुर, विक्की कश्यप, सोमपाल, महेश, सोनू, प्रदीप, बादाम सिंह, नितेश, हरि सिंह सहित अन्य शिवसैनिकों के शामिल होने की जानकारी दी गई। संगठन की ओर से यह भी बताया गया कि हनुमान मूर्ति पर जलाभिषेक किया गया।


error: Content is protected !!