Moradabad के मिर्जा दानिश आलम ने हासिल की BCCI की कोचिंग मान्यता


लव इंडिया, मुरादाबाद। महानगर के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी एवं पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी मिर्जा दानिश आलम ने क्रिकेट कोचिंग के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोलकाता में बीसीसीआई (BCCI) द्वारा आयोजित क्रिकेट कोचिंग कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उन्होंने उच्च स्तरीय कोचिंग मान्यता हासिल की है।


कोलकाता में क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ खिलाड़ियों और कोचों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक क्रिकेट कोचिंग तकनीक, फिटनेस, खिलाड़ियों के मानसिक विकास और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धतियों पर विशेष जोर दिया गया।


मिर्जा दानिश आलम मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकादमी, दिल्ली रोड के संचालक हैं और लंबे समय से मुरादाबाद के युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं।


दानिश आलम ने बताया कि उनके पास ICC फाउंडेशन कोर्स, लेवल-1, बैटिंग स्पेशलिस्ट, राजस्थान रॉयल्स के लेवल-1 एवं बैटिंग स्पेशलिस्ट कोर्स, न्यूट्रिशन तथा स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोर्स का अनुभव भी है। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ना है।


उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को ट्रॉफी जिताना नहीं, बल्कि उन्हें सही तकनीक, अनुशासन, फिटनेस और वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। बीसीसीआई का यह कोर्स उनके लिए मील का पत्थर साबित होगा और अब अकादमी में आधुनिक ड्रिल, फिटनेस प्लान तथा पोषण संबंधी मार्गदर्शन को और बेहतर तरीके से शामिल किया जाएगा।


उन्होंने मुरादाबाद और आसपास की क्रिकेट अकादमियों में अनुभवी एवं प्रमाणित कोचों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। समाजसेवी प्रांशु जोशी, अकादमी के खिलाड़ियों और अभिभावकों ने दानिश आलम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में मुरादाबाद से भविष्य में कई प्रतिभाएं राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन करेंगी।

error: Content is protected !!