सपना चौधरी केस में अंतिम बहस पूरी, अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा

लव इंडिया, मुरादाबाद। हरियाणवी डांसर Sapna Choudhary से जुड़े वर्ष 2019 के चर्चित मामले में बुधवार को अदालत में अंतिम बहस पूरी हो गई। मामले की सुनवाई एसीजेएम कोर्ट संख्या-5 में हुई, जहां बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने निर्णय सुरक्षित रख लिया। अब इस मामले में 17 जून 2026 को आदेश सुनाया जाएगा।


मामला 11 जून 2019 को मुरादाबाद रेलवे स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम से जुड़ा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सपना चौधरी ने अश्लील डांस प्रस्तुत किया, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की बात कही गई।


वादकर्ता गायत्री नगर निवासी अपना दल कमेरावादी के मंडल अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा के अनुसार कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना करते हुए देर रात तक डीजे बजाया गया। साथ ही सरकारी धन के दुरुपयोग और शहर में जाम की स्थिति पैदा होने के भी आरोप लगाए गए हैं।


डॉ. रामेश्वर दयाल तुरैहा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने थाना सिविल लाइंस और एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने अपने अधिवक्ता वैभव अग्रवाल के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में वाद दायर किया था।


मामले की सुनवाई लंबे समय से एसीजेएम कोर्ट संख्या-5 में चल रही थी। बुधवार को अंतिम बहस पूरी होने के बाद न्यायालय ने पत्रावली आदेश के लिए सुरक्षित रख ली। अब 17 जून 2026 को अदालत अपना फैसला सुनाएगी।

error: Content is protected !!