लव इंडिया, मुरादाबाद। Shiv Sena की छात्र इकाई विद्यार्थी सेना ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक प्रकरण और गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय की वेब मार्कशीट में गलत अंक दर्ज होने के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के निर्देश पर आयोजित किया गया। विद्यार्थी सेना के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा परिणामों में गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। संगठन ने कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को गलत परिणामों और अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनमें भारी रोष है।

कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय द्वारा जारी वेब मार्कशीट में गलत अंक अंकित करने के मामलों को तत्काल सुधारा जाए, ताकि छात्रों को राहत मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान जिला मुख्यालय परिसर में जमकर नारेबाजी की गई। बाद में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर छात्र हित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

इस दौरान शिबू पांडे, आकाश सिंह, मयंक सैनी, अरुण ठाकुर, तिलक राज शर्मा, शिबू सैनी, कैलाश सिंह, पंकज पाल, अंकित, सुरेश सैनी, हर्ष सिंह, नितेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।