लव इंडिया संभल। जिले में कतिपय मेडिकल एसोसिएशन द्वारा किए गए बंद और हड़ताल के आह्वान को केमिस्ट एसोसिएशन ने पूरी तरह बेअसर बताते हुए सभी मेडिकल संचालकों और केमिस्ट साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
संगठन की ऑनलाइन बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि जिलेभर में अधिकांश मेडिकल स्टोर खुले रहे और लोगों को दवाइयों की उपलब्धता में कोई परेशानी नहीं होने दी गई।
केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार सुबह 11 बजे से 12 बजे के बीच मेडिकल संचालकों ने एक-दूसरे को देखकर अपनी दुकानें खोल दीं, जिससे बंद का असर समाप्त हो गया।

संगठन ने इसे समाजहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य सत्यवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ से औषधि नियंत्रक विभाग द्वारा प्रदेश के सभी औषधि आयुक्तों और औषधि निरीक्षकों को मेडिकल हड़ताल न होने देने के निर्देश जारी किए गए थे।
साथ ही मेडिकल एसोसिएशन की अपील के बावजूद अधिकांश केमिस्टों ने समझदारी दिखाते हुए अपनी दुकानें खुली रखीं।असमोली क्षेत्र से जुड़े राहिल भारतीय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित असमोली में भी मेडिकल स्टोर सामान्य रूप से संचालित हुए और लोगों को दवाइयों की आपूर्ति निर्बाध जारी रही।
वहीं बहजोई के जिला अध्यक्ष पंकज आर्य ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जो सफल रहीं। सरायतरीन के मोहित गांधी और प्रियरत्न आर्य ने मेडिकल स्टोर खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी केमिस्ट बंधुओं का आभार जताया।

केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री अजय कुमार शर्मा ने कहा कि कुछ देर की देरी के बाद भी अधिकांश मेडिकल संचालकों ने दुकानें खोलकर संगठन का साथ दिया, जो सकारात्मक और जिम्मेदार पहल रही।
ऑनलाइन बैठक में संगठन के कोषाध्यक्ष मोहम्मद शाहनवाज आलम ने कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को सामूहिक रूप से बंद रखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में दुर्वेश सैनी, मो. नसीम, मनोज गुप्ता, चंद्रभान, रोहित कुमार, जीतपाल सिंह, अतुल त्यागी, दिलीप नगीना, राजेश गुप्ता समेत कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने केमिस्ट एसोसिएशन द्वारा गठित 12 सदस्यीय निगरानी समिति का विशेष धन्यवाद किया।