सम्राट पृथ्वीराज चौहान और महाराणा प्रताप जयंती समारोह, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

लव इंडिया, मुरादाबाद। अखिल भारतीय क्षत्रिय विकास मंच, मुरादाबाद द्वारा सम्राट पृथ्वीराज चौहान एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह का भव्य आयोजन चेयरमैन हाउस, रामलीला मैदान के निकट संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज, शिक्षा, राजनीति, प्रशासन और साहित्य जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। समारोह के दौरान महान विभूतियों के जीवन, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त (सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश) एवं मुख्य वक्ता प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत (प्राचार्य, हिंदू कॉलेज मुरादाबाद) सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और सम्राट पृथ्वीराज चौहान व महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया गया।


समारोह में विधायक डॉ. रामवीर सिंह, विधायक अशोक राणा, विधायक रितेश गुप्ता, विधायक सुशांत सिंह, पूर्व विधायक मेजर जेपी सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, डॉ. पी.के. सिंह, एसपी सिंह, साहित्यकार डॉ. महेश दिवाकर तथा मंच के संयोजक मनोज कुमार चौहान सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।


कार्यक्रम में एसडीएस स्कूल की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन डॉ. सतीश चौहान ने किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को “क्षत्रिय रत्न” सम्मान से सम्मानित किया गया।


आयोजकों ने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और परास्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही शिक्षा, साहित्य, समाज सेवा, राजनीति, पुलिस सेवा, चिकित्सा और खेल जगत में योगदान देने वाली विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में सम्राट पृथ्वीराज चौहान और महाराणा प्रताप के जीवन संघर्ष, वीरता और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।


मुख्य वक्ता प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत ने महाराणा प्रताप और सम्राट पृथ्वीराज चौहान के त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्र प्रेम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को इतिहास के महान योद्धाओं से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।


समारोह के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम संयोजक मनोज कुमार चौहान को सफल आयोजन के लिए सम्मानित भी किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

error: Content is protected !!