परीक्षा परिणाम और फीस वृद्धि के विरोध में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

लव इंडिया, मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी छात्रसभा से जुड़े छात्रों ने बुधवार को हिंदू कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। छात्र नेताओं ने परीक्षा परिणामों में कथित विसंगतियों, पुनर्मूल्यांकन शुल्क में वृद्धि और फीस बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।


छात्रसभा पदाधिकारियों का आरोप है कि हाल ही में जारी परीक्षा परिणामों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को अधिकांश विषयों में कम अंक दिए गए हैं या अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि कई मेधावी छात्र, जो पहले लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं, उन्हें भी फेल कर दिया गया। इससे छात्रों में भारी रोष है।


ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कॉपियों के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरती गई है या फिर पुनर्मूल्यांकन के नाम पर अतिरिक्त राजस्व वसूली की कोशिश की जा रही है। छात्रों ने मांग की कि सभी विवादित परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उत्तर पुस्तिकाओं का दोबारा पारदर्शी मूल्यांकन कराया जाए।


प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्र विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मौजूदा व्यवस्था से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।


इसके साथ ही छात्रसभा ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में हुई वृद्धि का भी विरोध किया। छात्रों का कहना था कि फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र आर्थिक दबाव में आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को धीरे-धीरे व्यापार का रूप दिया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों के छात्र उच्च शिक्षा से वंचित होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं।


छात्र नेताओं ने मांग की कि फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेकर पुरानी फीस संरचना बहाल की जाए। साथ ही पुनर्मूल्यांकन की फीस भी कम की जाए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी अपनी कॉपियों की जांच करा सकें।


प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र समुदाय बड़े स्तर पर आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी करने के लिए मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।


इस मौके पर समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश सचिव मौ. असलम चौधरी, जिलाध्यक्ष सहित कई छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


error: Content is protected !!