रिक्शा पर बाइक और… पर नेता जी, हाथों में सिलेंडर… महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को भूड़ा चौराहा पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने रिक्शा पर मोटरसाइकिल रखकर और हाथ में गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा भी होती रही कि यह जनहित का प्रदर्शन था या फिर सिर्फ राजनीतिक नौटंकी।


महानगर अध्यक्ष हाजी जुनैद इकराम बंटी और जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से जहां परिवहन महंगा हो गया है, वहीं रसोई गैस की कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से रिक्शा पर बाइक रखकर यह संदेश देने की कोशिश की कि पेट्रोल इतना महंगा हो गया है कि अब लोग बाइक चलाने के बजाय उसे ढोने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं हाथ में गैस सिलेंडर लेकर कार्यकर्ताओं ने घरेलू महिलाओं की परेशानियों को उठाने का दावा किया।


महानगर अध्यक्ष जुनैद इकराम बंटी ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आम आदमी की आय नहीं बढ़ रही लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।


जिलाध्यक्ष विनोद गुंबर ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।


प्रदर्शन में नजाकत ठेकेदार, अफसर खान, राजा अली, बन्ने पहलवान, अजाम खां, अनुराग शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए भूड़ा चौराहा क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा।

error: Content is protected !!