निषाद पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित टिप्पणी पर नाराजगी, समाज की बैठक में भाजपा से गठबंधन तोड़ने की मांग

लव इंडिया, मुरादाबाद। मोहल्ला कानूनगोयान स्थित रामगंगा कॉलोनी सुंदर घाट गौशाला में तुरैहा, कश्यप और निषाद समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के युवाओं और लोगों ने सोशल मीडिया पर निषाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से दिए गए धर्मविरोधी वक्तव्यों पर नाराजगी जताई।


बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजनीति और आस्था दोनों अलग-अलग विषय हैं और किसी भी धर्म या आस्था पर गलत टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। समाज के लोगों ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं।


बैठक में मौजूद युवाओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों से समाज में रोष है और ऐसे बयानों की खुलकर निंदा की जानी चाहिए।


इस दौरान भाजपा से निषाद पार्टी के साथ गठबंधन समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिल सकता है।


बैठक में समाज के लोगों ने एकजुट होकर धार्मिक आस्था के सम्मान की बात कही और कहा कि किसी भी दल या व्यक्ति को धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

error: Content is protected !!