Cosmos Hospital की शिकायत के आरोप निराधार मिले CMO जांच समिति को

लव इंडिया, मुरादाबाद। लोक शिकायत पोर्टल (IGRS) पर दर्ज एक शिकायत की जांच के बाद गठित सीएमओ जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में शिकायत में लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। समिति ने विस्तृत जांच, दस्तावेजों के परीक्षण और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला।

गहन परीक्षण किया जांच समिति ने


शनिवार को काॅसमाॅस में आयोजित प्रेस वार्ता में फिजीशियन डाॅ. राकेश कुमार ने बताया कि शिकायत संख्या 40013526015403 के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) मुरादाबाद द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने शिकायतकर्ता, संबंधित चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के बयान दर्ज किए तथा मरीज के उपचार से जुड़े चिकित्सीय अभिलेख, भर्ती रिकॉर्ड, बिलिंग दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजातों का गहन परीक्षण किया।


गंभीर हालत में भर्ती हुआ था मरीज


फिजीशियन डाॅ. राकेश कुमार ने दावा कि सीएमओ की जांच रिपोर्ट में कहा गया कि मरीज को अस्पताल में अत्यंत गंभीर स्थिति में भर्ती कराया गया था और वह कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित था। चिकित्सकीय परीक्षण और स्थिति के मूल्यांकन के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार शुरू किया गया। रिपोर्ट के अनुसार मरीज को उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सेवाएं, उपचार प्रक्रिया और डायग्नोसिस चिकित्सा आवश्यकताओं के अनुरूप पाए गए।


बिलिंग और इलाज से जुड़े आरोप सही नहीं पाए गए


फिजीशियन डाॅ. राकेश कुमार ने बताया कि समिति ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि उपचार और बिलिंग को लेकर लगाए गए आरोप रिकॉर्ड के अनुरूप सही नहीं पाए गए। शिकायत में वर्णित कई तथ्यों और वास्तविक दस्तावेजों में अंतर मिला। इसके अलावा चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच की गई। उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर इन आरोपों को भी तथ्यहीन पाया गया।


पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले


प्रेस वार्ता में फिजीशियन डाॅ. राकेश कुमार ने बताया कि जांच समिति ने कहा है कि शिकायत के कई बिंदु पर्याप्त साक्ष्यों से समर्थित नहीं थे और वे अनुमान आधारित प्रतीत हुए। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच के दौरान प्रमाणित नहीं हो सके।


अस्पताल प्रबंधन ने जताई प्रतिबद्धता


इस बीच, प्रेस विज्ञप्ति में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि संस्था सदैव पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्ध रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीजों का विश्वास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

error: Content is protected !!