NHM संविदा कर्मचारियों का अल्टीमेटम, 20 मई तक मानदेय नहीं मिला तो 21 मई से कार्य बहिष्कार

लव इंडिया, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) संविदा कर्मचारी संघ ने बकाया मानदेय को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान कर दिया है। संघ की ओर से कहा गया है कि यदि 20 मई 2026 तक कर्मचारियों का लंबित मानदेय जारी नहीं किया गया, तो 21 मई से प्रदेशभर में ‘No Pay-No Work’ नीति के तहत कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।


संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कर्मचारियों का कहना है कि मार्च और अप्रैल माह का मानदेय अब तक जारी नहीं हुआ है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।


“रोजी-रोटी का संकट”


जिला महामंत्री विपिन भट्ट ने कहा कि लगातार दो महीने का मानदेय न मिलने से कर्मचारियों को परिवार चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के कारण बच्चों की फीस, किताबें और घरेलू खर्च जुटाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि 20 मई तक भुगतान नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


CMO को सौंपा गया पत्र


संघ की ओर से बताया गया कि इस संबंध में जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को औपचारिक पत्र सौंप दिया गया है। संगठन ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है असर


संविदा कर्मचारियों ने साफ किया है कि यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो 21 मई से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ सकता है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित भुगतान को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कई कर्मचारी रहे मौजूद


बैठक में जिला अध्यक्ष अजीजुर रहीम, प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह, डॉ. जगवीर सिंह, निर्मल प्रताप सिंघल, अमित गुप्ता, सुषमा बडोला, डॉ. पीतांबर सिंह, अंकित शर्मा, शुभम वर्मा, शकील, रोहन, रवि गौतम, कुलवंत सिंह, प्रमोद कुमार, इंदु बाला, प्राची सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!