बढ़ती गर्मी को देखते हुए GNRF ने शुरू की पानी की सबीलें, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए स्वयंसेवक
लव इंडिया, मुरादाबाद। दावत-ए-इस्लामी इंडिया के सोशल वर्क विभाग ग़रीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) की ओर से देशभर में चलाए जा रहे सेवा अभियान के तहत मुरादाबाद जनपद के पाकबड़ा क्षेत्र स्थित नया मुरादाबाद में बड़े स्तर पर ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया।

कैंप में दावत-ए-इस्लामी के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया और बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। आयोजन के दौरान सैकड़ों यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों और अस्पतालों में उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में अक्सर अस्पतालों में रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे में इस प्रकार के रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए नई उम्मीद बनते हैं।
मानव सेवा को समर्पित अभियान
दावत-ए-इस्लामी इंडिया और GNRF के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था लगातार सामाजिक और मानव सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। रक्तदान अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि “एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।”
गर्मी में शुरू की गईं पानी की सबीलें

बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए GNRF की ओर से विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल की सबीलें भी लगाई जा रही हैं।
इन सबीलों के माध्यम से राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त में ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्था के स्वयंसेवक लगातार लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं।
समाजसेवा के कई अभियान चला रही संस्था
संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार GNRF रक्तदान अभियान, राहत कार्य, इलाज में सहायता, पेड़ लगाओ अभियान, आपदा राहत सेवा जैसे कई सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी इस प्रकार के नेक कार्यों में भाग लेकर मानव सेवा का हिस्सा बनें।
लोगों ने की सराहना

स्थानीय लोगों ने ब्लड डोनेशन कैंप और पानी की सबील लगाने की पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारे और इंसानियत का संदेश देते हैं।