मुरादाबाद में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और कथित अनियंत्रित ई-फार्मेसी व्यवस्था के विरोध में ऑल इंडिया केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने मंगलवार को अंबेडकर पार्क से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट में केमिस्टों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे दवा व्यापारियों ने मेडिकल स्टोर बंद रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसीएस प्रिंस वर्मा को सौंपा।


मुरादाबाद केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट शामिल हुए। संगठन पदाधिकारियों का कहना था कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे और मध्यम मेडिकल कारोबारियों का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर बाजार व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे लाइसेंसी मेडिकल संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।


ज्ञापन में मांग की गई कि अवैध एवं अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। साथ ही दवा वितरण से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू कर मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।


प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि कोविड काल में स्थानीय केमिस्टों ने फ्रंटलाइन हेल्थ सपोर्ट के रूप में लगातार दवाओं की उपलब्धता बनाए रखी थी, लेकिन इसके बावजूद ऑनलाइन दवा कारोबार तेजी से बढ़ता जा रहा है।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान केमिस्टों ने सरकार से GSR 817(E) और GSR 220(E) जैसे प्रावधानों की समीक्षा करने की मांग भी उठाई।

उनका कहना था कि इनका दुरुपयोग कर कुछ प्लेटफॉर्म अनियंत्रित दवा डिलीवरी कर रहे हैं।एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से किया गया और आवश्यक दवाओं की जरूरत वाले मरीजों का ध्यान भी रखा गया।

इस दौरान, संरक्षक राजेश रस्तोगी, अध्यक्ष तनुज कुमार अग्रवाल, प्रवीण कुमार मोदी विपिन गुप्ता, आलोक शरन कोठीवाल, सुशील कुमार,विनीत कुमार गुप्ता, सचिन गुप्ता, सुरेश कत्याल योगेश प्रकाश अग्रवाल, शरद रस्तोगी, जितेंद्र सिक्का, विवेक अग्रवाल, अखिल टंडन, असद मुस्तफा, सचिन गुप्ता, सुनील सिक्का ललित कुमार दीपक गुप्ता दिनेश चंद्र अखिल अग्रवाल मनोज अग्रवाल विनय कपूर सुमित अग्रवाल व अन्य केमिस्ट मौजूद रहे।


error: Content is protected !!