अमरोहा की ‘एक दूल्हा-तीन दुल्हन’ कहानी में नया मोड़: लड़कियों ने CWC के सामने कहा- शादी नहीं की, फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए था प्रैंक

लव इंडिया, अमरोहा। सोशल मीडिया पर देशभर में चर्चा का विषय बनी ‘एक दूल्हा और तीन दुल्हनों’ की कथित शादी के मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। पहले जिस घटना को युवतियों और युवक ने वास्तविक शादी बताया था, अब उसी मामले में तीनों युवतियों ने बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने बयान दिया है कि उन्होंने कोई शादी नहीं की थी। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर फॉलोवर्स और व्यूज़ बढ़ाने के लिए पूरी कहानी एक प्रैंक (Prank) के रूप में तैयार की गई थी।

यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय


जानकारी के अनुसार, अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र का यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक तीन युवतियों के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करता दिखाई दे रहा था। शुरुआती वीडियो में युवतियों ने दावा किया था कि वे अलग-अलग नहीं रहना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने एक ही युवक को जीवनसाथी चुना है। इसके बाद यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया था।

CWC के सामने बदला बयान


मामले की जांच के दौरान तीनों युवतियों ने बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष दिए गए बयान में कहा कि उन्होंने वास्तव में शादी नहीं की थी। उनका उद्देश्य केवल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोकप्रियता हासिल करना, फॉलोवर्स बढ़ाना और वीडियो को वायरल करना था। उनके अनुसार, वायरल शादी की कहानी केवल कंटेंट बनाने के लिए तैयार की गई थी।


पहले किया था शादी का दावा


इस मामले में पहले युवतियों और युवक ने कैमरे के सामने आकर दावा किया था कि शादी उनकी मर्जी से हुई है और यह कोई रील या नाटक नहीं है। इसी दौरान मामला और अधिक विवादों में घिर गया था। बाद में एक युवती की उम्र को लेकर भी सवाल उठे और CWC ने जांच शुरू की।

कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी


प्रशासन और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। अब CWC के समक्ष दिए गए नए बयान के बाद यह मामला पूरी तरह नए मोड़ पर पहुंच गया है। यदि जांच में यह साबित होता है कि वायरल वीडियो और कथित शादी केवल सोशल मीडिया कंटेंट के लिए बनाई गई थी, तो आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय होगी।

मामला हसनपुर क्षेत्र के धौरिया गांव का

बता दें कि यह मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरिया गांव का है। अलका और संतोष सगी बहनें हैं, जबकि देविका उनकी मौसेरी बहन है। श्यामपुरी गांव का विकास उर्फ विक्कू इनका कैमरामैन है। जब मामला गरमाया था, तो पुलिस ने भी इन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था। तब इन्होंने पुलिस से भी झूठ बोलते हुए कहा था कि वे लोग साथ रहना चाहती हैं। यहां तक कि खुद को बचाने के लिए इन्होंने वीडियो जारी कर सुसाइड करने तक की खुली धमकी दे डाली थी।

error: Content is protected !!