सम्भल सपा कार्यालय पर मनाया गया मान्यवर कांशीराम जी का परिनिर्वाण दिवस

लव इंडिया, सम्भल। समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज़ खाँ के सपा कार्यालय पर शुक्रवार को बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम जी का परिनिर्वाण दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और सामाजिक न्याय के लिए उनके संघर्षों को याद किया गया। कार्यक्रम में कांशीराम जी और समाजवादी विचारधारा के प्रमुख नेता मुलायम सिंह यादव के बीच सामाजिक न्याय की राजनीति तथा बहुजन समाज के हितों को लेकर हुए ऐतिहासिक सहयोग पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर फिरोज़ खाँ ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी ने दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को संगठित कर उन्हें राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक न्याय, पिछड़ों के अधिकारों और समाज के कमजोर वर्गों की भागीदारी को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों नेताओं के प्रयासों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में सामाजिक न्याय की विचारधारा को नई दिशा दी।

फिरोज़ खाँ ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा के माध्यम से समाज के सभी वंचित और उपेक्षित वर्गों को सम्मान, अधिकार और उचित भागीदारी दिलाने की बात कर रहे हैं। पीडीए का उद्देश्य सामाजिक समानता स्थापित करना, संविधान की रक्षा करना तथा सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी और नेताजी मुलायम सिंह यादव के सामाजिक न्याय के संघर्षों से प्रेरणा लेकर पीडीए की आवाज को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और अवसर नहीं मिलते, तब तक समानता पर आधारित समाज का सपना पूरा नहीं हो सकता।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय, समानता तथा भाईचारे की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रामरहिस यादव जबर सिंह यादव सलीम अंसारी आरिफ खान शाहीन क़ुरैशी नफीस छुन्नान अब्बास खाँ मोनिस क़ुरैशी अमरपाल गौरव यादव गुलाम मुस्तुफा सतीश कुमार अजय जाटव कुमारपाल ज़ाहिद खाँ अज़मत आदि लोग शामिल रहे।

error: Content is protected !!