PM मोदी का 25 साल का सफर जनसेवा, राष्ट्रसेवा और सुशासन की मिसाल: अनिल कुमार


उमेश लव लव इंडिया मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा महानगर की ओर से बुधवार को सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। जिगर मंच पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल को राष्ट्र के प्रति समर्पण, सुशासन और अंत्योदय की भावना का प्रतीक बताया।


अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है।


कार्यक्रम में जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री डॉ. प्रमेंद्र जांगड़ा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा की नई मिसाल पेश की है। उनके अनुसार सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य इसी सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन भी सुना।


जिगर मंच से अंबेडकर पार्क तक निकली सेवा ज्योति यात्रा


सभा के बाद सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा जिगर मंच से एकता द्वार और जैन मंदिर होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।


11 हजार वर्गफुट की रंगोली बनी आकर्षण


सिविल लाइंस स्थित पीएमएस स्कूल में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत करीब 11 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विशाल रंगोली तैयार की गई। आयोजकों के अनुसार इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े कार्यों को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।


विद्यालय और विभिन्न संस्थाओं के करीब 1000 छात्र-छात्राओं ने रंगोली तैयार करने में भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का जनसेवा जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और राष्ट्रसेवा, अनुशासन, परिश्रम तथा संकल्प के साथ आगे बढ़ने की सीख देता है।


कार्यक्रम में नगर विधायक रितेश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश भंडूला समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


error: Content is protected !!