डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के लिए मांगे वोट, पंचायत भवन में उमड़ा शिक्षकों का हुजूम

उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में आयोजित शिक्षक सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिक्षक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम में डॉ. हरि सिंह ढिल्लों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ मंच पर मौजूद रहे। सम्मेलन में भाजपा नेताओं ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील रखी।

मंच पर जुटे भाजपा के कई प्रमुख नेता

शिक्षक सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, महापौर विनोद अग्रवाल, मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्ता, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी सतपाल सैनी और एमएलसी गोपाल अंजान मंचासीन रहे।

इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह और पूर्व विधायक राजेश चुन्नू भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय मंत्री हरिओम शर्मा ने किया।

23 अक्टूबर को होना है मतदान

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में पार्टी के नेता और पदाधिकारी विभिन्न स्थानों पर शिक्षकों तथा शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोगों के बीच संपर्क कर रहे हैं।

इससे पहले भी क्षेत्र में शिक्षक और प्रबंधक सम्मेलन आयोजित कर डॉ. ढिल्लों के समर्थन में मतदान की अपील की गई है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ रही है।

मुरादाबाद के पंचायत भवन सभागार में आयोजित सम्मेलन में भी भाजपा नेताओं ने शिक्षक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने पर जोर दिया। अब चुनाव में शिक्षक मतदाताओं का रुख क्या रहता है, यह मतदान के बाद स्पष्ट होगा।

error: Content is protected !!