मुरादाबाद में अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, 12 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

जनपद में अवैध अस्पतालों एवं क्लीनिकों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान चलाते हुए 05 चिकित्सकीय टीमों के माध्यम से सघन छापेमारी की। अभियान में 12 चिकित्सा प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कई को मौके पर सील किया गया तथा संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


उमेश लव, लव इंडिया, मुरादाबाद। जिले में बिना वैध पंजीकरण, निर्धारित मानकों और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं के संचालित बताए जा रहे अस्पतालों एवं क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी अनुज झा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग की पांच चिकित्सकीय टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण और छापेमारी की। अभियान के दौरान 12 अस्पतालों एवं क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें कई प्रतिष्ठानों को मौके पर सील किया गया, जबकि कुछ संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई और नोटिस जारी किए गए।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान का उद्देश्य बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित चिकित्सा मानकों के बिना मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे प्रतिष्ठानों पर रोक लगाना है।


उमरी कलां से कांठ तक हुई कार्रवाई


उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने उमरी कलां चौराहा स्थित तोतन कुमार महाजन क्लीनिक, छजलैट तिराहा स्थित सेफी डेंटल केयर सेंटर, कांठ रोड भिकनपुर स्थित एमएस पैथोलॉजी लैब और उमरी चौराहा स्थित मेरठ हेल्थ केयर सेंटर का निरीक्षण किया। विभागीय कार्रवाई के तहत इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए गए।


इसी क्रम में कांठ स्थित न्यू केजीएनपी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में निर्धारित मानक पूरे नहीं मिलने की बात सामने आने पर ओटी को सील किया गया तथा संचालक को नोटिस जारी किया गया। वहीं मुख्यापुर नवादा स्थित अमजद क्लीनिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।


पंजीकृत चिकित्सकीय और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिलने पर सील
डॉ. सौरभ सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुंडापांडे के वीरपुर स्थित सिटी हेल्थ केयर का निरीक्षण किया। यहां पंजीकृत चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध नहीं मिलने की बात सामने आई। इसके चलते प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की गई। वहीं अक्का दिलारी स्थित ए. अब्दुल रहमान क्लीनिक पर भी विभागीय कार्रवाई की गई।


सुरजनपुर और बिलारी में भी पहुंची टीमें


डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने सुरजनपुर-ठाकुरद्वारा स्थित चौधरी क्लीनिक में कथित अवैध संचालन पाए जाने पर उसे सील किया। शिफा क्लीनिक के पंजीकरण की अवधि समाप्त मिलने पर उसे निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन के लिए नोटिस जारी किया गया।
बिलारी क्षेत्र में भी अभियान जारी रहा। यहां दीप क्लीनिक जच्चा-बच्चा केंद्र और अजमल क्लीनिक के खिलाफ कार्रवाई की गई।


स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य ऐसे प्रतिष्ठानों पर प्रभावी नियंत्रण करना है, जहां बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के चिकित्सा सेवाएं संचालित की जा रही हों।


आगे भी जारी रहेगा अभियान


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण या निर्धारित मानकों के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी जिले में निरीक्षण और छापेमारी की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

error: Content is protected !!