मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म : डॉ. पवन कुमार जैन

लव इंडिया, मुरादाबाद। सेवा, संवेदना और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने अपनी पौत्री श्रीवी जैन का जन्मदिवस सेवा भारती द्वारा संचालित कान्हा शिक्षा संस्कार केंद्र, गुलाबबाड़ी में अभावग्रस्त वर्ग के बच्चों के बीच सादगी एवं सेवा भाव के साथ मनाया।

इस अवसर पर संस्कार केंद्र के नन्हे भैया-बहनों एवं शिक्षकों ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप श्रीवी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं। श्रीवी के माता-पिता अमन जैन एवं राशि जैन ने बच्चों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित किए। बच्चों के बीच खुशियाँ बाँटकर जन्मदिवस को सेवा और संवेदनशीलता से जोड़ने की इस पहल की उपस्थितजनों ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदना रखना और जरूरतमंदों के सुख-दुःख में सहभागी बनना हम सभी का नैतिक दायित्व है। जन्मदिवस जैसे व्यक्तिगत अवसरों को जरूरतमंद बच्चों के साथ मनाने से उनके चेहरों पर मुस्कान आती है और नई पीढ़ी में सेवा, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज की वास्तविक समृद्धि तभी सार्थक है, जब उसकी खुशियों में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो।

इस अवसर पर सेवा भारती की महानगर मंत्री डॉ. मीना गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा, संस्कार और परोपकार को विशेष महत्व दिया गया है। समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के बीच आत्मीयता के साथ खुशियाँ बाँटना सामाजिक समरसता को मजबूत करता है। ऐसे प्रयास बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कान्हा शिक्षा संस्कार केंद्र की संचालिका नेहा ने बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास के पदाधिकारियों एवं परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सेवा भावना की सराहना की। न्यास के सचिव नमन जैन ने सेवा भारती का आभार प्रकट करते हुए कहा कि केंद्र के बच्चों के बीच जन्मदिवस मनाने का अवसर प्रदान करना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने भविष्य में भी सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सहयोग की भावना व्यक्त की।

कार्यक्रम में सेवा भारती के महानगर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, प्रिया जैन, राशि जैन, अमन जैन, अलका जैन, संस्कार केंद्र प्रबंध समिति के सदस्य, शिक्षिकाएँ एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!