मुरादाबाद में श्री रामलीला महासंघ ने शुरू की निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा

मुरादाबाद। Narendra Modi के ‘तेल बचाओ’ आह्वान से प्रेरित होकर श्री रामलीला महासंघ की ओर से महानगर में निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक गंज गुरहट्टी से किला क्षेत्र तक संचालित होगी। महासंघ के अनुसार यह सुविधा राहगीरों, श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।


महासंघ के महामंत्री कुमार देव ने बताया कि यह सेवा महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं उनके पिता स्वर्गीय कमलेश कुमार की स्मृति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कमलेश कुमार का मानना था कि रामलीला केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम भी है। उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए यह पहल शुरू की गई है।


महासंघ के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा कि देश में ऊर्जा संरक्षण और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से यह सेवा प्रारंभ की गई है। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी के लिए ई-रिक्शा का उपयोग करेंगे तो पेट्रोल और डीजल की खपत में कमी आएगी। यह सेवा किसी व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं बल्कि सामाजिक सहयोग से संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बुजुर्गों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी यात्री से किराया न लिया जाए। भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर सेवा का विस्तार भी किया जाएगा।


इस अवसर पर डॉ. विवेक गोयल, आलोक राठौर, अरुण कुमार, नरेंद्र सिंह, संजय सोनी, अतुल सोती और समीर रस्तोगी सहित कई लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!