मुरादाबाद में बारिश से धान की फसल बर्बाद, मनोज कुमार गुप्ता ने खेतों का किया निरीक्षण



लव इंडिया, मुरादाबाद। लगातार हुई भारी बारिश के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता ने लोदीपुर जवाहर नगर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति देखी और किसानों से नुकसान की जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान खेतों में जलभराव और धान की फसल को हुए नुकसान की स्थिति सामने आई। किसानों ने मनोज कुमार गुप्ता को बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण खेतों में पानी भर जाने से उनकी तैयार होती फसल प्रभावित हुई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।


किसानों की समस्याएं सुनने के बाद मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिलाधिकारी मुरादाबाद से मुलाकात कर किसानों की समस्या से अवगत कराया जाएगा और फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की जाएगी।


उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर किसानों की समस्या को शासन स्तर तक भी पहुंचाया जाएगा। उनका कहना है कि बारिश से प्रभावित किसानों को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई जरूरी है।


मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि किसान कृषि के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के लिए अन्न उपलब्ध कराते हैं। ऐसे समय में जब प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी फसल प्रभावित हुई है, उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना जरूरी है।


इस दौरान प्रभावित किसानों में चेतराम सिंह, नन्हे, हरकली, नरेश, कालू सिंह, नैन सिंह, सुखराम, प्रेमपाल कंचन, प्रेमपाल, वीर सिंह, चंद्रावती, हरप्यारी, सुमंत्रा और अजय पाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।


error: Content is protected !!