Babu Mukut Bihari Lal Jain Seva Trust ने किया बाल शिक्षा एवं संस्कार केंद्र का शुभारंभ

लव इंडिया, मुरादाबाद। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कार प्रदान करने के उद्देश्य से बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास ने सेवा भारती के सहयोग से कटघर स्थित सैनी मंदिर परिसर में बाल शिक्षा एवं संस्कार केंद्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर न्यास के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि वर्तमान समय में भौतिकतावाद एवं पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के कारण नई पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी भारतीय संस्कृति और पारंपरिक संस्कारों से दूर होती जा रही है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, चरित्रवान, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि यदि बचपन से ही बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और अपने महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराया जाए तो समाज में व्याप्त अनेक समस्याओं का समाधान संभव है।

डॉ. जैन ने बताया कि इस संस्कार केंद्र में तीन से पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को प्रतिदिन दो घंटे शिक्षा एवं संस्कार प्रदान किए जाएंगे। गुरुकुल पद्धति से प्रेरित इस केंद्र में बच्चों को बड़ों का सम्मान करना, आपसी भाईचारा, दूसरों की सहायता, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता जैसे गुण सिखाए जाएंगे। बच्चों को जल, जंगल, नदियों, गौमाता, मातृभूमि एवं पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ देश के महापुरुषों और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों के जीवन से भी परिचित कराया जाएगा।

साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

न्यास अध्यक्ष ने कहा कि यह केंद्र एक सकारात्मक सामाजिक पहल है। न्यास की योजना भविष्य में महानगर की अन्य बस्तियों में भी ऐसे संस्कार केंद्र प्रारंभ करने की है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास किया जा सके। उन्होंने इस केंद्र के संचालन में सहयोग देने वाले सेवा भारती के कार्यकर्ताओं तथा परिसर में इस गतिविधि के संचालन की अनुमति देने के लिए सैनी मंदिर प्रबंध समिति के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

न्यास के सचिव नमन जैन ने बताया कि बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास द्वारा अभावग्रस्त बस्तियों के बच्चों की शिक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। न्यास की ओर से समय-समय पर बच्चों को कॉपी, पेंसिल, स्कूल ड्रेस एवं फीस आदि के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में बच्चों के साथ विभिन्न उत्सव मनाने, दीपावली आयोजन, स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाने जैसे सामाजिक कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं।

सेवा भारती की महानगर मंत्री डॉ. मीना गुप्ता ने कहा कि सेवा भारती समाज के सहयोग से पिछले अनेक वर्षों से महानगर में विभिन्न सेवा केंद्रों का संचालन कर रही है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा, संस्कार एवं सेवा की गतिविधियां पहुंचाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। बाल शिक्षा एवं संस्कार केंद्र भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

केंद्र में बच्चों को संस्कार प्रदान करने का दायित्व बहिन दीपांशी प्रजापति ने स्वीकार किया है। शुभारंभ अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, रबर, पेंसिल, शार्पनर एवं मिष्ठान आदि वितरित किए गए।
सेवा भारती के महानगर कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता इस केन्द्र का प्रबंधन संभालेंगे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता सैनी मन्दिर के उपाध्यक्ष नंदराम सैनी ने एवं संचालन सुभाष शर्मा एवं सेवा भारती की महानगर मंत्री डॉ. मीना गुप्ता ने किया।इस अवसर पर देवेश सिंह, देसराज सैनी, वरद शर्मा, नीरज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!