एकता दौड़: रेलकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुरादाबाद मंडल में मनाया गया ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’; रेलकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ, आयोजित हुई ‘एकता दौड़’

      लव इंडिया मुरादाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा 'राष्ट्रीय एकता दिवस' उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

     
 इस अवसर पर प्रातः 7:30 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, मुरादाबाद के प्रांगण में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री प्रेम शंकर झा ने किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं रेलकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने तथा देश की एकता और समरसता को सुदृढ़ करने की शपथ दिलाई।



     शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत 'एकता दौड़' (Run for Unity) का आयोजन किया गया। यह दौड़ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर, मुरादाबाद से प्रारंभ होकर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर संपन्न हुई। दौड़ में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।





     कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री प्रेम शंकर झा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिषेक ठाकुर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) श्री प्रतीक श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (कैरेज एवं वैगन), श्री सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मंडल चिकित्सालय मुरादाबाद डॉ. राजवीर सिंह तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल श्री मौहम्मद असलम सहित अन्य अधिकारीगण, अनेक संख्या में रेलकर्मी एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलकर्मियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता,अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।


   

error: Content is protected !!