RSS: मुरादाबाद में 15 स्थानों पर मनाया गया स्थापना दिवस एवं विजयादशमी उत्सव

लव इंडिया मुरादाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस एवं विजयादशमी उत्सव के अवसर पर मुरादाबाद महानगर एवं आसपास के क्षेत्रों में 15 स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर पथ संचलन संपन्न हुए तथा सभी कार्यक्रमों में शस्त्र पूजन किया गया। वक्ताओं ने विजयादशमी के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, मर्यादा, राष्ट्रभक्ति, शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रधर्म के प्रति समर्पण का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि भारत उत्सवों का देश है और प्रत्येक उत्सव अपने भीतर एक विशेष संदेश समाहित किए हुए है। विजयादशमी भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र, अधर्म पर धर्म की विजय, मर्यादा, वात्सल्य, गौरव, शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना भी इन्हीं सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय विचारों को समाज में जागृत करने, सामाजिक संगठन को सुदृढ़ बनाने तथा राष्ट्रजीवन में अनुशासन और सेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से हुई है।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के अंतःकरण में विजय की आकांक्षा जागृत करने का दिवस है। यह समाज की सुसंगठित शक्ति खड़ी करने, राष्ट्रहित के लिए कटिबद्ध रहने और सामूहिक प्रयासों से राष्ट्रीय जीवन को सशक्त बनाने की प्रेरणा देता है।

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज और राष्ट्र के समक्ष उपस्थित चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी बुद्धि, भावना और शक्ति को राष्ट्रहित में केंद्रित करना होगा। समाज को सुखी, समृद्ध, वैभवशाली और विजयी बनाने के लिए शील-संपन्न, चरित्रवान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तियों की संगठित शक्ति आवश्यक है। केवल शक्ति ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका सदुपयोग भी जरूरी है। चरित्र, सद्प्रवृत्ति और पवित्र मातृभूमि के प्रति श्रद्धा एवं भक्ति से युक्त शक्ति ही समाज और राष्ट्र के कल्याण का आधार बनती है।

वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और समाज की सक्रिय सहभागिता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता के प्रति सजग रहना चाहिए। सामाजिक विषयों एवं विभिन्न चुनौतियों पर विचार करते हुए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका स्वयं निर्धारित करनी चाहिए और राष्ट्र तथा समाज के हित में अपनी सहभागिता बढ़ानी चाहिए।

15 स्थानों पर हुए कार्यक्रम

संघ के विजयादशमी उत्सव एवं स्थापना दिवस के कार्यक्रम बुद्धि विहार, दीनदयाल नगर, प्रकाश नगर, केजीके नगर, कृष्ण नगर (बुध बाजार), रामगंगा विहार, पीतल नगरी, पाकबड़ा, कटघर, गोविंद नगर, हनुमान नगर (मंडी चौक), चंद्र नगर (रेलवे हरथला कॉलोनी), हिमगिरि नगर (आशियाना), नया मुरादाबाद तथा मूंढापांडे में संपन्न हुए। विभिन्न स्थानों पर आयोजित पथ संचलनों में स्वयंसेवकों ने अनुशासन एवं संगठन का परिचय दिया। सभी कार्यक्रमों में शस्त्र पूजन के साथ विजयादशमी के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

इन वक्ताओं ने किया मार्गदर्शन

विभिन्न कार्यक्रमों में क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण चंद्र एवं मनीराम, विभाग कार्यवाह विपिन कुमार, निवर्तमान विभाग संघचालक सुरेंद्र पाल सिंह, विभाग प्रचार प्रमुख डॉ. पवन कुमार जैन, विभाग शारीरिक प्रमुख सुभाष शर्मा, विभाग व्यवस्था प्रमुख कमलकांत राय, महानगर संघचालक डॉ. विनीत गुप्ता, महानगर कार्यवाह प्रमोद जोशी, मेजर राजीव ढल, अनिल कुमार रस्तोगी तथा सायं महानगर प्रचारक अभिषेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बौद्धिक उद्बोधन दिया।

कार्यकर्ताओं ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

विजयादशमी के इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में संगठन, अनुशासन, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रमों के संचालन एवं व्यवस्थाओं में महानगर प्रचार प्रमुख अनमोल कट्टा, सह प्रचार प्रमुख राहुल तिवारी, राहुल, देवेंद्र कुमार, विकास गोयल, शरद जैन, योगेंद्र धारीवाल, आसाराम पालीवाल, उम्मेद राजपुरोहित, नवल वार्ष्णेय, विवेक गुप्ता, संजीव चौधरी, जितेंद्र सिंह, हरिगोपाल शर्मा, संजय सिंह, सतीश कुमार, वरद शर्मा सहित अनेक स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

error: Content is protected !!