मुरादाबाद में धूमधाम से हुआ रावण दहन, आतिशबाजी के बीच गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

लव इंडिया, मुरादाबाद। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व मुरादाबाद में धूमधाम से मनाया गया। रामलीला ग्राउंड में भगवान श्रीराम के स्वरूप बने कलाकार ने जैसे ही सत्य और धर्म के प्रतीक तीर से रावण की नाभि पर निशाना साधा, तीर जाकर लगा और रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

रावण दहन के दौरान पुतले में हुई आतिशबाजी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। पटाखों की गूंज और आसमान में चमकती आतिशबाजी का नजारा आसपास के इलाकों में भी दिखाई दिया। लोगों ने अपने घरों की छतों से भी इस दृश्य को देखा।

रावण दहन के बाद पुतले की लकड़ियां लेने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। कुछ ही देर में पुतले की लकड़ियां दर्शकों ने उठा लीं।

मुरादाबाद। लाइनपार के ऐतिहासिक रामलीला ग्राउंड में विजयदशमी पर 95 फीट ऊंचे रावण के पुतले का रात 10 बजे दहन किया गया। 100 साल से अधिक पुरानी रामलीला में रावण दहन देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। मंडलायुक्त संगीता सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल और प्रिया अग्रवाल ने पूजा-अर्चना व नारियल फोड़कर समारोह का शुभारंभ किया। रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।

लाजपत नगर रामलीला में भी हुआ रावण दहन

लाजपत नगर स्थित रामलीला मैदान में भी दशहरा पर्व पर रावण दहन किया गया। इससे पहले श्रीराम कथा मंचन समिति, लाजपत नगर के तत्वावधान में वृंदावन से आए ब्रजधाम रामकृष्ण लीला संस्थान के कलाकारों ने कुंभकरण वध, मेघनाद वध, राम-लक्ष्मण के हरण और अहिरावण वध की लीलाओं का मंचन किया।

स्वामी नंदकिशोर शर्मा के निर्देशन में कलाकारों ने रामायण के प्रसंगों का मंचन किया। लीला के दौरान रावण और भगवान श्रीराम के बीच अंतिम युद्ध दिखाया गया। कथा के अनुसार, विभीषण ने रावण की नाभि में अमृत होने का रहस्य बताया। इसके बाद भगवान श्रीराम ने अग्निबाणों से रावण का अंत किया।

लाजपत नगर में रावण दहन महाराजा हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के विशाल मैदान में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अनुनय झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और महापौर विनोद अग्रवाल शामिल रहे।

दशहरा पर्व पर रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। दोनों स्थानों पर कार्यक्रमों के शांतिपूर्ण समापन के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।

समिति के पदाधिकारियों ने संभाली व्यवस्था

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष महेश चंद्र अग्रवाल, महामंत्री विनोद बाबू सक्सेना, मंत्री श्याम कृष्ण रस्तोगी, कोषाध्यक्ष मुकुल बंसल, व्यवस्थापक शरद अग्रवाल, राजीव राघव, शम्मी रस्तोगी, रामकुमार गुप्ता, अतुल अग्रवाल, विवेक शर्मा, राजीव अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल और पारस सैनी सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

error: Content is protected !!