65 साल तक न्याय की राह में समर्पित रहे आर.के. गुप्ता, बार और बेंच ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

वरिष्ठ अधिवक्ता रविंद्र कुमार गुप्ता (आर.के. गुप्ता) का फाइल फोटो

लव इंडिया मुरादाबाद। न्यायिक क्षेत्र में करीब 65 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता रविंद्र कुमार गुप्ता (आर.के. गुप्ता) को गुरुवार को बार और बेंच की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। न्याय भवन में आयोजित फुलकोर्ट रेफरेंस में न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके सरल स्वभाव, ईमानदारी, विधि के प्रति निष्ठा और न्याय दिलाने के समर्पण को प्रेरणादायक बताया।

12 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह और दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने की। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल ने किया।

चार पीढ़ियों से जुड़ी रही वकालत की विरासत

वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के. गुप्ता का परिवार वकालत के क्षेत्र में चार पीढ़ियों से अपनी पहचान रखता है। उनके पिता श्याम शरण गुप्ता पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में गिने जाते थे, जबकि उनके दादा शिवचरण लाल भी मुरादाबाद में मुख्तार के रूप में विधि व्यवसाय से जुड़े रहे।

उनकी अगली पीढ़ी भी इसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उनके पुत्र मनोज कुमार गोयल उच्चतम न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि पौत्र विनायक गोयल भी नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रहे हैं।

आर.के. गुप्ता ने वर्ष 1961 से लगातार लगभग 65 वर्षों तक वकालत की। अपने लंबे विधिक जीवन में उन्होंने प्रथमा बैंक, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास, केनरा बैंक और सिंडिकेट बैंक सहित कई प्रतिष्ठित संस्थाओं के पैनल अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ विधि व्यवसाय के उच्च आदर्शों को कायम रखा।

आर्थिक रूप से कमजोर मुवक्किलों की भी करते थे मदद

श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर गुप्ता ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि आर.के. गुप्ता अपने जीवन में कानून और न्याय को सर्वोपरि रखते थे। उनका विश्वास था कि हर व्यक्ति को न्याय मिलना चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर मुवक्किलों के प्रति भी उनका व्यवहार संवेदनशील रहता था। यदि किसी मुवक्किल के पास फीस देने के लिए पैसे नहीं होते थे, तब भी वे उसका काम नहीं रोकते थे।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पाल सिंह ने भी उनके निधन पर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि आर.के. गुप्ता जैसे सरल और अनुभवी अधिवक्ता का जाना बार के एक मजबूत स्तंभ के गिरने जैसा है। उनके जाने से अधिवक्ता समुदाय में जो रिक्तता पैदा हुई है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा।

जनपद न्यायाधीश बोले- वरिष्ठ अधिवक्ता सभी के लिए प्रेरणास्रोत

जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने बार और बेंच के संयुक्त परिवार की ओर से आर.के. गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ता हमेशा सभी के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। किसी अनुभवी अधिवक्ता का जाना न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय, दोनों के लिए बड़ी क्षति है। उनके योगदान और अनुभव की भरपाई करना संभव नहीं है।

उन्होंने दिवंगत अधिवक्ता के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

आर.के. गुप्ता का विधिक जीवन, उनकी कार्यशैली और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

न्यायिक अधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार चतुर्थ, राकेश कुमार गौतम, अरुण कुमार, जितेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा एल्डर कमेटी के सदस्य विजय गुप्ता एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष अमीरुल हसन जाफरी, पूर्व महासचिव अभिषेक भटनागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, उपाध्यक्ष पुनीत चौहान, सचिन शर्मा, संयुक्त सचिव जितेंद्र प्रताप सिंह जेपी, रमा पांडेय, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य शिव कुमार गौतम, आशीष उपाध्याय, जाबिर हुसैन, कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पंकज शर्मा, सचिन कुमार, सुरेश चंद्र गुप्ता, भरत पोरवाल, राजीव गोयल, सुरेंद्र पाल सिंह, संजय यादव, देवेंद्र बिश्नोई, विवेक कुमार जैन, रेशमा बेगम, लुबना गजल, मोहम्मद तंजीम शास्त्री, अजय पाल, नवनीत कुमार, अजय कुमार, सुरेंद्र टैगोर, त्रिलोक चंद्र दिवाकर, प्रतीक गोयल, हरिशंकर आर्य, जगदीश आर्य, आबिद हुसैन, शहजादा सलीम, शाकिर अली, रफीक अहमद, सलीम अहमद, अमरदीप सिंह, सुरेंद्र पाल, आसिफ हुसैन, अकरम और शादाब हुसैन सहित अनेक अधिवक्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

error: Content is protected !!